मऊ। शहर में अवारों पशुओं (सुअर) द्वारा फैलाई जाने वाली गन्दगी से निजात दिलाने के लिये नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में नज़र आ रहा है। शक्रवार को पालिका के सभागार में पालिका अध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी, सी0ओ0 सिटी नगर धनन्जय कुमार मिश्रा व अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने सुअर पालकों के साथ बैठक की। जिसमें सुअर पालकों को चेतवानी देते हुए निर्देश दिया गया है कि वह अपनी सुअरों को खुला न छोड़े, सुअरों को बाड़े के अन्दर ही रखे, ऐसा न करने की दशा में उनके विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी।
सी0ओ0 सिटी नगर श्री धनन्जय कुमार मिश्रा ने सुअर पालकों से कहा कि आप सभी अपने जानवरों के रख-रखाव की समुचित व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। सुअरों को खुला न छोड़े उसे सुअर बाड़े में ही रखे। यदि वह ऐसा नहीं करते है तो उनके विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी।
पालिकाध्यक्ष श्री मु0 तय्यब पालकी ने बताया कि नगर में संचारी रोगों से बचाव के लिये संचारी रोग एवं नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। सुअर गन्दगी फैलाती है। जिससे संचारी रोगों के फैलने की आशंका बनी रहती है। साथ ही अवारा जानवर (सुअर, गधा आदि) खुले रहने के कारण यातायात को काफी प्रभावित करते है तथा दुर्घटना होने की भी संभावना बनी रहती है। इसी क्रम में आज सुअर पालकों की बैठक बुलाकर उन्हे चेतावनी दी गयी है कि अवारा जानवरों को खुला न छोड़े, अगर अवारा जानवर इधर-उधर घूमते हुए पाये जाते है तो चालान की कार्यवाही की जायेगी।
अधिशासी अधिकारी श्री दिनेश कुमार ने बताया कि आज नगर पालिका द्वारा सड़क पर घूमने वाले सुअरों को पकड़ने का अभियान चलाया गया। जिसमें कुल 08 सुअरों को पकड़ा गया। सुअर मालिकों ने पालिका प्रशासन को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा सुअरों को खुला नहीं छोड़ा जायेगा, उन्हे बाड़े में ही रखा जायेगा। सुअर मालिकों को चेतावनी देने के उपरान्त नगर पालिका द्वारा सुअरों को उनके मालिको को सौंपा गया।
उक्त बैठक में अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, सफाई एवं खाद्य् निरीक्षक सत्य प्रकाश, नरेन्द्र कुमार, प्रकाश निरीक्षक चन्द्रिका प्रसाद, निर्माण लिपिक धर्मेंन्द्र कुमार पाण्डेय, सभासदगण विनोद गुप्ता, सुधीर सोनकर, सभासद प्रतिनिधि नसीम अख्तर आदि उपस्थित रहे।

