नदी के किनारे सुरक्षित सीमा में जितने भी अवैध निर्माण हैं,उनको नोटिस जारी करते हुए कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था एवं अभियोजन शाखा की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न

मऊ – आज कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं अभियोजन शाखा की मासिक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने धार्मिक स्थलों से हटाए गए लाउडस्पीकरो के बारे में जानकारी लेते हुए समस्त उप जिला अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि उतारे गए लाउडस्पीकर पुनः ना लगने पाए, इस बात पर कड़ी नजर रखें। अवैध बस एवं टैक्सी स्टैंड के लिए शहर में वैकल्पिक स्थानों के चिन्हीकरण की जानकारी लेने के उपरांत जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी मऊ एवं ए.आर.टी.ओ. के साथ मिलकर कल तक वैकल्पिक स्थानों का निर्धारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद में अवैध शराब एवम् ड्रग्स पर अगस्त माह में की गई कार्यवाहीयों के बारे में जानकारी लेते हुए इस पर कड़ी नजर रखने एवं नियमित निरीक्षण करने के निर्देश जिला आबकारी अधिकारी को दिए।उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को भी शराब की दुकानों एवं अवैध ड्रग्स को लेकर नियमित चेकिंग अभियान चलाने को कहा। जिलाधिकारी ने कुर्की के आदेशों को संबंधित के खतौनी पर तत्काल चढ़ाने के निर्देश अपर जिलाधिकारी को दिए। उन्होंने मोहर्रम के चालीसवां एवं विश्वकर्मा पूजा के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को समय से सारी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिला अधिकारी ने समस्त उप जिला अधिकारियों को उनके संबंधित तहसीलों में ध्वस्तीकरण हेतु लंबित सारी कार्यवाहीया अगले दो दिनों में पूर्ण करने को कहा। साथ ही नगर मजिस्ट्रेट को शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ तेजी से कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि नदी के किनारे सुरक्षित सीमा में जितने भी अवैध निर्माण हैं,उनको नोटिस जारी करते हुए कड़ी कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने अभियोजन शाखा के कार्यों के समीक्षा के दौरान विगत माह में हुए कार्यवाइओ के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मुख्तार अंसारी एवं उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मुकदमों की अद्यतन स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।जिलाधिकारी ने बारी-बारी से गैंगस्टर एक्ट, पास्को, एससी/एसटी एक्ट, महिला संबंधित अपराधों एवं जहरीली शराब के मामलों पर अब तक अभियोजन पक्ष द्वारा की गई कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान अगस्त माह में कुल 131 गवाहों की गवाही ना हो पाने पर जिलाधिकारी ने अभियोजन पक्ष को इस संबंध में सक्रियता दिखाने एवं अगर कोई दिक्कत है तो उसे लिखित रूप में देने के निर्देश दिए, जिससे इस संबंध में उचित कार्यवाही की जा सके,साथ ही गवाहों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडे के अलावा अपर जिला अधिकारी श्री भानु प्रताप सिंह अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट डी. पी.सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: