मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ) मोहम्मदाबाद गोहना तहसील के आदर्श नगर पंचायत वलीदपुर में स्थित सूफी संतों की मजार आज भी इस आधुनिक युग में आपसी भाईचारा एवं प्रेम तथा लोगों के अपार आस्था का केंद्र बनी हुई है।यहां पर स्थित कामिल साहब एवं सूफी साहब की दोनों मजारों पर विभिन्न तिथियों में अलग-अलग उर्स का कार्यक्रम होता है।
इसी क्रम में हजरत सूफी मोहम्मद जान सिद्धकी किरमानी साहब वलीदपुर का 91वां उर्स का कार्यक्रम का सुभारम्भ मंगलवार को प्रातःकाल कुरानखानी से हुआ।सायंकाल मोइनिया मंजिल से सज्जादा नशीन साह मोहम्मद इजहार अहमद मोईनी मय कव्वालो एवं जायरीन जो देश के कोने कोने- (कोलकाता,मुंबई,मालेगांव, उड़ीसा,बिहार,मध्य प्रदेश, दिल्ली,कानपुर,गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर,मुरादाबाद, छत्तीसगढ़,झारखंड)आदि शहरों से आए हैं उनके साथ अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए रौजा पर स्थित सूफी साहब की मजार पर पहुंचकर चादर पोशी की।
सूफी मोहम्मद जान सिद्दीकी किरमानी साहब के बारे में बताया जाता है कि यह पहुंचे हुए फकीर थे, इनके कई कारनामे भी प्रसिद्ध है। बताते हैं कि एक बार एक मस्जिद का निर्माण चल रहा था, उसमें लगाई गई सागौन की लकड़ी छोटी पड़ गई,जिसे काफी प्रयास के बाद जब कारीगर नहीं लगा पाये तो इसकी सूचना किसी ने सूफी साहब को दी। सूफी साहब ने वहां पर पहुंचकर इस लकड़ी को छुआ तथा कारीगरों से लगाने को कहा।कारीगरों ने लकड़ी को उस स्थान पर लगाया और लकड़ी फिट बैठ गई। इसी प्रकार राजपूत परिवार का एक लड़का जिसका काफी इलाज कराने के बाद भी वह बोल नहीं पा रहा था।इस परिवार के लोगों को किसी ने सूफी साहब के बारे में बताया। यह लोग अपने पुत्र को लेकर सूफी साहब के दरबार में पहुंचे। सूफी संत के नूर को देखते ही वह लड़का बोलने लगा। लक्की रौजे के निर्माण के संबंध में बताया गया है कि इसमें एक लाख इट का प्रयोग किया गया है, और प्रत्येक ईट पर एक कुरान पाक दम किया गया है।यह रौजा लगभग 7 वर्ष में बनकर तैयार हुआ है। यहां पर हिंदू संप्रदाय के लोगों को योग वशिष्ट की शिक्षा दी जा रही थी,जिसका कार्यक्रम आज भी जारी है।
आज बुधवार को प्रातःकाल संदल का कार्यक्रम तत्पश्चात गागर का कार्यक्रम होगा एवम सायंकाल खिरकापोशी का कार्यक्रम भी होगा,तथा रात्रि में शमाखाने में महफिल ए कव्वाली भी होगी।
मंगलवार को पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मदाबाद गोहना नरेश कुमार ने उस कार्यक्रम में पहुंचकर जगह-जगह पुलिस की तैनाती, एवं अन्य तैयारियों का जायजा लिया,तथा पुलिसकर्मियों को अपने पॉइंट पर मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम की देखरेख के लिए कमेटी के सभी पदाधिकारी जगह-जगह लगे हुए हैं,इसी क्रम में पुलिस प्रशासन के लोग भी अपनी ड्यूटी मुस्तैदी से कर रहे हैं।रविवार को बटोर के दिन कोतवाली प्रभारी शैलेश सिंह ने उक्त कार्यक्रम में पहुंचकर जगह-जगह पुलिस जनों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने भी साफ-सफाई को लेकर जगह-जगह सफाई कर्मियों को मुस्तैद किया है।

