शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न
मऊ – आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में आगामी त्योहारों दुर्गापूजा एवं विजयदशमी के दृष्टिगत शांति समिति की बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान विभिन्न धर्मो के धर्मगुरुओं ने त्यौहारों को सकुशल संपन्न कराने के संबंध में अपने विचार रखे। कुछ सदस्यों द्वारा बिजली के जर्जर खंभों एवम् तारों, नीचे लटक रहे बिजली के तारों,त्योहारों के प्रमुख दिनों में रूट डायवर्जन,टूटी नालियां एवं सड़कों को ठीक कराने की मांग की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों द्वारा विगत त्योहारों के दौरान मिले सहयोग की चर्चा करते हुए आगे भी त्योहारों के दौरान जिला प्रशासन का सहयोग करने को कहा। इस दौरान जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने शांति समिति के सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं को, सभी संबंधित अधिकारियों को त्योहारों से पूर्व ही ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही समस्याओं के समाधान में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही करने की भी चेतावनी दी। उन्होंने बैठक के दौरान सभी पूजा समितियों को मूर्ति विसर्जन समय से भी करने को कहा। इसके अलावा मूर्ति विसर्जन के दौरान कोई अव्यवस्था ना हो इसकी भी व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने इस त्यौहार को शुचिता पूर्ण ढंग से मनाने को कहा जिससे त्योहारों की पवित्रता बनी रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सभी समुदायों का त्यौहार मनाया जाता है। अतः सभी लोग आपस में सौहार्दपूर्वक त्यौहार मनाए। सभी लोग एक दूसरे का सहयोग करे। जिलाधिकारी ने सभी समुदाय के लोगों को अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखने एवं जहां कहीं भी किसी दुर्घटना की आशंका हो, तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी पूजा समितियों से मूर्ति विसर्जन के दौरान मादक पदार्थों के सेवन करने वालों को दूर रखने को कहा, जिससे मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी भी अनहोनी घटना से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि सभी लोग कानून की नजर में बराबर हैं।कोई अव्यवस्था होने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी उन्होंने सभी समितियों को शासन के निर्देश के अनुसार ही त्यौहार मनाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आगामी त्यौहारों की बधाई देते हुए कहा कि त्योहारों को शांति पूर्वक एवं प्रेम भाव के साथ मनाएं। मूर्ति विसर्जन के दौरान भक्ति भाव वाले गाने ही डीजे पर बजाएं। त्योहारों में पूर्व से चली आ रही गैर जरूरी परंपराओं में धीरे धीरे सुधार के प्रयास करे।त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो तत्काल हमें सूचित करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाले अफवाहों से बचे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जो भी व्यक्ति नियम का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सदैव आपके साथ है आप सभी लोग मिल जुलकर त्यौहार मनाए।
बैठक के दौरान अपर जिला अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी एवं नगर पालिका अध्यक्ष ने भी शांति समिति की बैठक में अपने विचार रखे। बैठक में सभी लोगों ने निर्धारित समय सीमा का पालन करने, अफवाहों से बचने एवं प्रेम पूर्वक त्यौहार को मनाने को कहा।
इस दौरान अपर जिला अधिकारी श्री भानु प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट श्री डी.पी. सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी एवम तहसीलदार, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं एस.एच.ओ. सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
