जिलाधिकारी ने अपर पुलिस अधीक्षक के साथ जिला कारागार का किया आकस्मिक निरीक्षण

अनुपस्थित फार्मासिस्ट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश

गेहूं की गुणवत्ता ठीक ना पाए जाने पर लगाई कड़ी फटकार, दिए जांच के निर्देश

मऊ – आज जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने अपर पुलिस अधीक्षक के साथ जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान फार्मासिस्ट एम.एम.खान के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला कारागार परिसर में साफ सफाई की खराब स्थिति, विशेषकर नालियों में पानी के जमाव के कारण जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए परिसर को साफ सुथरा रखने एवं ब्लीचिंग आदि का नियमित छिड़काव करने के निर्देश जेल अधीक्षक को दिए।जिलाधिकारी ने कारागार परिसर में स्थित रसोईघर का भी निरीक्षण किया।इस दौरान स्टाक में रखें गेहूं की गुणवत्ता ठीक ना पाए जाने पर उन्होंने डिप्टी आर.एम.ओ. को इसकी खरीद एवं गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए। स्टॉक रजिस्टर में स्टाक में रखे सामानों की अद्यतन स्थिति दर्ज ना होने पर उन्होंने जेल अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाते हुए इसे अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल अधीक्षक को बंदियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं शासन द्वारा प्रदत सभी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान कुछ बंदियों को वकीलों की सुविधा उपलब्ध ना होने का मामला संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने ऐसे समस्त बंदियों को चिन्हित कर, उन्हें सरकार की तरफ से यह सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। कौशल विकास योजना के तहत जिला कारागार में वर्तमान में प्रशिक्षण कार्य न कराए जाने पर जिलाधिकारी ने इसे तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, जिससे बंदियों को उनके रुचि के हिसाब से प्रशिक्षण दिया जा सके एवं उनका जीवन बेहतर बन सके। सी.सी.टी.वी. कैमरों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने सी.सी.टी.वी.कैमरों को अनवरत क्रियाशील रखने के भी निर्देश दिए। वर्तमान में जिला कारागार में कुल 597 बंदी हैं जिनमें 30 महिला बंदी भी शामिल हैं।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, जिला कारागार अधीक्षक सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


Posted

in

by

Tags: