देश में कोरोना संक्रमण को लेकर सतर्कता बरतते हुए देश के हवाईअड्डों पर आज से ही अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की रैंडम सैंपलिंग शुरू कर दी गई है। चीन में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते दिख रहे हैं। पड़ोसी देश में संक्रमण की नई लहर के लिए जिम्मेदारा ओमिक्रॉन के सब वैरिएंट BF.7 के तीन मामले भारत में भी पाए गए हैं। जिसके बाद देश की सरकार अलर्ट पर है, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख भाई मांडविया ने बुधवार को कोविड समीक्षा बैठक भी की। केंद्र सरकार कोविड की स्थिति को लेकर अलर्ट मोड पर है।बुधवार को कोरोना संक्रमण को लेकर हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री मनसुख भाई मांडविया ने कहा कि कोरोना संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने ने एक ट्वीट में लिखा कि, ‘कुछ देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आज विशेषज्ञों और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। मैंने सभी संबंधितों को सतर्क रहने और निगरानी मजबूत करने का निर्देश दिया है। हम किसी भी स्थिति का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।
*देश में ओमिक्रॉन के नए सब वेरिएंट BF.7 के चार मामलों की पुष्टि, इन राज्यों में मिले पॉजिटिव केस*
देश में ओमिक्रॉन के सब वैरिएंट BF.7 के चार मामलों की पुष्टि हुई है। कोरोना के नए संस्करण के कारण ही चीन में कोविड के मामलों में तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है। गुजरात जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र द्वारा अक्टूबर में भारत में BF.7 के पहले मामले का पता चला था। जानकारी के मुताबिक, गुजरात में दो और ओडिशा में भी दो पॉजिटिव केस सामने आए हैं।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कोविड समीक्षा बैठक में विशेषज्ञों ने कहा कि हालांकि अभी तक कोविड मामलों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई है, लेकिन मौजूदा स्थिति पर नजर रखने के लिए लगातार निगरानी की आवश्यकता है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, चीनी शहर वर्तमान में अत्यधिक संक्रामक ओमिक्रॉन स्ट्रेन की चपेट में हैं, ज्यादातर BF.7 जो बीजिंग में फैलने वाला मुख्य वेरिएंट है। जिसके कारण चीन में लगातार कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है।एक आधिकारिक सूत्र ने यह भी बताया कि चीन में BF.7 के कारण जिस करह कोरोना के मामले बढ़े हैं उसके पीछे पिछली लहर में चीनी आबादी में मजबूत इम्यूनिटी का नहीं बनना और संभवतः कमजोर टीकाकरण भी एक कारण हो सकता है। BF.7, Omicron वैरिएंट BA.5 की एक सब-वेरिएंट है और इसकी सबसे मजबूत संक्रमण क्षमता है क्योंकि यह अत्यधिक संचरित होता है, इसकी ऊष्मायन अवधि कम होती है, और इसमें पुन: संक्रमण पैदा करने या उन लोगों को भी संक्रमित करने की उच्च क्षमता होती है, जिन्हें टीका लगाया जाता है। यह अमेरिका, ब्रिटेन और बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस और डेनमार्क जैसे यूरोपीय देशों सहित कई अन्य देशों में पहले ही पाया जा चुका है।
