कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज के नाम पर तय शुल्क की जगह मनमानी वसूली की शिकायतों पर तल्ख तेवर दिखाते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने ऐसे अस्पतालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे अस्पतालों में भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया जाए। वह शनिवार को सरकारी आवास पर कोविड प्रबंधन की समीक्षा कर रहे थे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ जिलों में कुछ निजी कोविड अस्पतालों में सरकार द्वारा तय दर से अधिक की वसूली करने की शिकायतें मिल रही हैं। लखनऊ में ऐसे ही कुछ अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सभी जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि मरीज और उनके स्वजनों का किसी भी प्रकार उत्पीड़न न हो। ऐसे असंवेदनशील अस्पतालों से मरीजों को अन्यत्र शिफ्ट करके अस्पताल के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि बहुत से मरीज कोविड संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं, लेकिन अभी भी उन्हें चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत होती है। ऐसे मरीजों को उनकी परिस्थिति के आधार पर एल-1 अस्पताल में आक्सीजनयुक्त बेड पर भर्ती जरूर कराया जाए। उनके सेहत की पूरी देखभाल हो।

कोविड-19 मरीजों से मनमानी वसूलने वाले अस्पतालों पर हो कार्यवाई: सीएम योगी आदित्यनाथ
Posted
in
by
Tags: