नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के तहत जनपद में 11 मई को मतदान होना है। इस हेतु जिला प्रशासन द्वारा समस्त तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। इसी क्रम में आज पुलिस लाइन स्थित परिसर में समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस बल के साथ जिला अधिकारी श्री अरुण कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडे ने ब्रीफिंग की।
जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटो एवम् पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि पूरी मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवम् शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।उन्होंने सभी अधिकारियों एवं पुलिस बल को उनके लिए निर्धारित कार्यों का गहनता से अध्ययन करने एवं कोई समस्या हो तो पूर्व में ही उसका समाधान कर लेने के निर्देश दिए।
फर्जी मतदाताओं की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने किसी भी प्रकार का शक होने पर पहचान पत्रों की गहनता से जांच करने के बाद ही मतदान करवाने के निर्देश दिए। साथ ही जांच के उपरांत फर्जी पाए जाने पर ऐसे लोगों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को पीठासीन अधिकारी द्वारा किसी भी समस्या को संज्ञान में लाने पर तत्काल कार्यवाही करने अथवा कंट्रोल रूम में उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी तरह से मतदान केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न लगने पाए, इस बात का विशेष ध्यान रखें। इसके अलावा जिन कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है वही मतदेय स्थलों पर कार्य करें। अगर इस तरह का कोई मामला संज्ञान में आता है तो तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करें।जिलाधिकारी ने मतदान के 48 घंटा पूर्व ही स्थानीय निवासियों के अलावा बाहरी क्षेत्र के लोगों के मिलने पर उन्हें तत्काल उस क्षेत्र से बाहर करने को भी कहा। मतदान केंद्र पर मतदाताओं को लगने वाली स्याही पर विशेष नजर रखने के भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए,जिससे फर्जी मतदान की संभावना ना बने।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडे ने समस्त पुलिसकर्मियों को समय से पहले ही निर्धारित स्थलों पर पहुंचने के निर्देश दिए।उन्होंने किसी भी तरह का अमर्यादित व्यवहार न करने को भी कहा, साथ ही अनुशासन में रहते हुए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के भी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी के दौरान समस्त पुलिस बलों को अपने आसपास विशेष नजर रखने को भी कहा। उन्होंने समस्त पुलिसकर्मियों को चुनाव ड्यूटी का निष्ठा पूर्वक ईमानदारी से पालन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री भानु प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्री महेश कुमार अत्री, नगर मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह सहित समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस बल उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस बल के साथ की ब्रीफिंग, फर्जी मतदाताओं के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश
Posted
in
by
Tags: