आपदा काल में इस प्रकार की किसी भी शिथिलता/लापरवाही/ऐसे कृत्य पाये जाने पर होगी कठोर कार्यवाही:डीएम
मऊ। आज दिनांक 20.05.2021 को सोशल मीडिया पर यह प्रकाशित हो रहा है कि तहसील-मधुबन में कम्युनिटी किचन अभी तक प्रारम्भ नहीं हुआ एवं पुरानी फोटो लगाकर प्रशासन वाहवाही लूट रहा है। उक्त खबर का संज्ञान श्री अमित सिंह बंसल जिलाधिकारी मऊ द्वारा तत्काल लिया गया एवं प्रकरण की जांच हेतु उपजिलाधिकारी, मधुबन को निर्देश दिए गए। जांच में पाया गया कि श्री अशोक सिंह लेखपाल द्वारा भोजन वितरण की पुरानी फोटो भेजा गया है। जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर तत्काल श्री अशोक कुमार सिंह लेखपाल, तहसील-मधुबन को निलम्बित कर उन्हे आरोप-पत्र सौंप दिया गया है। श्री अमित सिंह बंसल जिलाधिकारी मऊ द्वारा सख्त निर्देश दिए गए है कि आपदा काल में इस प्रकार की किसी भी शिथिलता/लापरवाही/ऐसे कृत्य पाये जाने पर कठोर कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि जनपद के सभी तहसीलों में कम्युनिटी किचेन संचालित है और वहां से प्रतिदिन सुबह एवं शाम को जरूरतमंदों को खाना वितरित किया जा रहा है। अपचारी द्वारा शरारतवश या किसी अन्य मंतव्य से यह कृत्य किया गया है जिससे प्रशासन की छवि धूमिल हुई है। जिसके कारण अपचारी कर्मचारी के विरुद्ध कार्यवाही की गई है।
