जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न
आज जिला अधिकारी श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान अभिहित अधिकारी ने बताया कि माह जून में कुल 29 छापेमारी के दौरान 30 नमूने संग्रहित किए गए। अब तक कुल 31 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें 13 अधोमानक, 11असुरक्षित एवं 3 मिथ्या छाप पाए गए। इस प्रकार कुल 22 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए । खाद्य सुरक्षा कार्यों की अभियोजन संबंधी समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि माह जून में एओ कोर्ट में कुल 8 वाद दायर हुए जिनमें 4 का निर्णय आया। जिसके क्रम में ₹160000 का अर्थदंड लगाया गया। दूध कि अब तक प्राप्त नौ जांच रिपोर्ट में से 7 अधोमानक एवम् 1असुरक्षित पाया गया।
खाद्य पदार्थों की अब तक प्राप्त जांच रिपोर्ट में से 11 नमूने असुरक्षित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने समस्त बड़े मिठाई एवं होटलों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थ पदार्थों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में बनने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता तथा उसमें प्रयुक्त खाद्य सामग्रियों की भी जांच करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्कूल एवं कालेजों के आसपास के ढाबों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों में भी छापेमारी कर जांच करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। औषधि प्रशासन विभाग की कार्यवाहियो की समीक्षा के दौरान औषधि निरीक्षक ने बताया कि इस माह थोक एवं फुटकर औषधि विक्रय लाइसेंस की कुल 14 मामलों में निरीक्षणों के दौरान कुल 3 लाइसेंस निलंबन की भी कार्यवाही जून माह में की गई। इस दौरान कुल 14 नमूनों की भी जांच की गई जिनमें अब तक 1 मिथ्याछाप एवं 1 अधोमानक पाया गया। उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस दवा की बिक्री करने वालों के खिलाफ जून माह में कुल 2 वाद एडीजे कोर्ट में दायर किए गए हैं। जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को नियमित रूप से दवा की दुकानों की जांच करने तथा मानक के विपरीत पाए जाने पर दुकानों को सीज करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में नकली दवाइयों की बिक्री की भी अभियान चलाकर जांच करने के निर्देश दिए जिससे लोगों को नकली दवाओं के कुप्रभाव से बचाया जा सके। बैठक के दौरान सीएफएसओ देवेंद्र यादव, अभिहित अधिकारी सुरेश मिश्रा, औषधि निरीक्षक राघवेंद्र सिंह सहित समस्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
